उत्तर प्रदेशचंदौली

अनियंत्रित बाइक झाड़ियों में गिरी, नीचे दबकर युवक की दर्दनाक मौत

ससुराल में बिरहा देखने आया था युवक, सुबह झाड़ियों में मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चन्दौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पीथापुर गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे युवक बाइक के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब ग्रामीणों ने झाड़ियों में बाइक और शव पड़ा देखा।

मिली जानकारी के अनुसार, चहनियां क्षेत्र के महराजगंज निवासी नंदलाल (33) अपनी पत्नी पूजा और तीन बेटियों के साथ फुल्ली गांव स्थित ससुराल आया था। ससुराल में आयोजित बिरहा कार्यक्रम के दौरान वह रविवार रात करीब 9 बजे सामान लेने के लिए बाइक से तुलसी आश्रम बाजार की ओर निकला था। इसी दौरान पीथापुर पोखरे के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा गिरी।

हादसा इतना गंभीर था कि युवक बाइक के नीचे दब गया और रात के अंधेरे में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर शिनाख्त की।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button