उत्तर प्रदेशचंदौली

‘मौत के जाल’ के नीचे चल रहा अवैध स्कूल, हाईटेंशन लाइन के नीचे पढ़ रहे बच्चे

बिना मान्यता और बिना NOC के तालाब पाटकर खड़ी की गई स्कूल बिल्डिंग, 33 हजार वोल्ट लाइन के नीचे संचालन; शिकायत के बाद प्रशासन पर उठे सवाल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद मुख्यालय स्थित नगर पंचायत चन्दौली (नेगुरा रोड) पर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मासूम बच्चों की जान जोखिम में डालकर एक स्कूल संचालित किया जा रहा है। ‘U.P.S. चन्दौली’ नामक यह विद्यालय न सिर्फ बिना मान्यता के चल रहा है, बल्कि खतरनाक परिस्थितियों के बीच संचालित हो रहा है।

समाजसेवी अजय कुमार जायसवाल द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि जिस जमीन (आराजी संख्या 1486) पर स्कूल बना है, वह राजस्व अभिलेखों में लगभग 12 फीट गहरा तालाब दर्ज है। आरोप है कि इस तालाब को अवैध रूप से पाटकर स्कूल की इमारत खड़ी कर दी गई है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्कूल के ठीक ऊपर से 33,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। नियमानुसार ऐसी लाइनों के नीचे निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित होता है, बावजूद इसके बिना किसी NOC के यहां कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हरिहर विश्वकर्मा, भोला विश्वकर्मा और महेंद्र प्रताप द्वारा इस विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि शिक्षा विभाग और विद्युत विभाग की नजर इस पूरे मामले पर अब तक क्यों नहीं पड़ी।

समाजसेवी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए विद्यालय संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर कितनी जल्द कार्रवाई करता है या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button