स्कूली वाहनों पर सख्ती: शराब पीने वाले ड्राइवर पर रोक, प्रबंधक होंगे जिम्मेदार
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम राजेश कुमार के निर्देश—ड्राइवरों का डाटा पोर्टल पर अपडेट, अवैध कट बंद करने और ब्लैक स्पॉट सुधार के आदेश

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शराब पीने वाले ड्राइवरों को किसी भी स्थिति में स्कूली वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित स्कूल प्रबंधक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि स्कूली वाहनों के सभी ड्राइवरों का डाटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए, ताकि उनकी निगरानी और सत्यापन सुनिश्चित हो सके।
एडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे अवैध कटों पर चिंता जताते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनपद में चिन्हित ‘ब्लैक स्पॉट’ और ‘रेड स्पॉट’ पर सात दिनों के भीतर निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर का सही तरीके से निर्माण और रंग-रोगन कराया जाए, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके साथ ही ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। एडीएम ने ‘राहवीर योजना’ के तहत मिलने वाली सहायता को समय पर प्रदान करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा हिट एंड रन मामलों के त्वरित निस्तारण और नियमित चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



