उत्तर प्रदेशचंदौली

गंगा किनारे पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

सेमरा गांव में बबूल के पेड़ से नायलॉन रस्सी के सहारे मिला शव, हाथ पर “चिनाम्मा” टैटू से पहचान की कोशिश में पुलिस

रिपोर्ट: गणपत राय

पड़ाव क्षेत्र के सेमरा गांव में गंगा किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला मुग़लसराय थाना अंतर्गत जलीलपुर चौकी क्षेत्र का है, जहां मंगलवार को स्थानीय लोगों ने गंगा रेत के पास बबूल के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। युवक के दाहिने हाथ पर “चिनाम्मा” नाम का टैटू बना हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मृतक ने फिरोजी रंग की टी-शर्ट और लाल रंग का हाफ पैंट पहन रखा था। उसके पास एक काले रंग का बैग मिला, जिसमें कुछ कपड़े रखे हुए थे। इसके अलावा दाहिने हाथ में सफेद धातु का कड़ा और गले में चेन भी पाई गई। हालांकि, उसके पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी अन्य प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का मानना है कि युवक किसी दूसरे राज्य का हो सकता है और वाराणसी के किसी होटल या लॉज में कार्यरत रहा होगा। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button