उत्तर प्रदेशचंदौली

न्याय की आस में भटक रहा रोहिताश पाल का परिवार, फेसबुक पर छलका छोटे भाई का दर्द

चंदौली के दवा कारोबारी रोहिताश पाल हत्याकांड में अब तक नहीं हुआ खुलासा, परिवार ने व्यवस्था पर उठाए सवाल; सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। मुगलसराय के प्रतिष्ठित दवा कारोबारी रोहिताश पाल की हत्या का मामला अब भी अनसुलझा बना हुआ है। इस बीच उनके छोटे भाई सिद्धार्थ पाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर न्याय की मांग की है। सिद्धार्थ ने अपने भाई की तस्वीर के साथ फेसबुक पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि उनके भाई को न्याय जरूर मिलेगा।

सिद्धार्थ पाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, “क्या मेरे भाई को इंसाफ नहीं मिलेगा? यह सोचकर मन बेहद दुखी है। मुझे पूरा विश्वास था कि न्याय मिलेगा, लेकिन राजनीति की चक्की में सब कुछ पिस गया।” उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की न्यायप्रियता पर भरोसा जताया है।

गौरतलब है कि मुगलसराय के बड़े दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की हत्या का मामला क्षेत्र में काफी चर्चित रहा है। इस हाई-प्रोफाइल केस में दो-दो आईपीएस अधिकारियों और चंदौली पुलिस की सक्रियता के बावजूद अब तक न तो असली हत्यारों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही घटना का ठोस खुलासा हो पाया है।

पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था, लेकिन उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं किए जा सके। इसके चलते आरोपियों को न्यायालय से जमानत मिल गई। परिवार का आरोप है कि साजिशकर्ताओं के प्रभाव और पुलिस की नाकामी के कारण वे आज भी डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

रोहिताश पाल का परिवार न्याय के लिए लगातार कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहा है। वहीं सिद्धार्थ पाल की फेसबुक पोस्ट क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। परिवार को अब उम्मीद है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे और दोषियों को सजा दिलाने में मदद करेंगे।

Related Articles

Back to top button