चंदौली में पेट्रोल-डीजल स्टॉक को लेकर प्रशासन अलर्ट, जमाखोरी पर शिकंजा
पेट्रोल-डीजल और गैस की निर्बाध आपूर्ति के निर्देश, कालाबाजारी और घटतौली पर होगी एफआईआर

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
मध्य पूर्व में जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच चंदौली प्रशासन ने जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी हालत में ईंधन की जमाखोरी, कृत्रिम अभाव या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वाले संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर कहीं भी ‘नो स्टॉक’ या ‘शून्य स्टॉक’ का बोर्ड नहीं लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी और तेल कंपनियों के क्षेत्रीय समन्वयकों को सख्ती से निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से निर्धारित सरकारी दर से एक पैसा भी अधिक वसूला गया या घटतौली की शिकायत मिली तो संबंधित संचालक के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी संचालक ईंधन का स्टॉक दबाकर नहीं रखेगा और न ही किसी बिचौलिए के माध्यम से कालाबाजारी होने दी जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी को तेल कंपनियों के साथ लगातार संपर्क में रहने और रोजाना स्टॉक की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें। प्रशासन के अनुसार जनपद में ईंधन का पर्याप्त कोटा उपलब्ध है। यदि कहीं अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए।



