उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में विशाल सिंह हत्याकांड का खुलासा, संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने ही उतारा मौत के घाट

कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव की घटना; स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और सीसीटीवी DVR तालाब से बरामद

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में होली के दूसरे दिन हुए चर्चित विशाल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में सामने आया है कि विशाल सिंह की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके बड़े भाई विवेक सिंह ने ही की थी।

पुलिस जांच के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। करीब 80 बीघा जमीन और पहले बेची गई जमीन के पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने आखिरकार रिश्तों को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन विवेक सिंह ने घर के हाल में सो रहे अपने छोटे भाई विशाल सिंह के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही विशाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और इलाके में सनसनी फैल गई।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। उसने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर पास के एक तालाब में फेंक दिया, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें।

हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी डीवीआर भी तालाब से बरामद कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी विवेक सिंह के खिलाफ पहले से भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जलालपुर गांव में हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button