उत्तर प्रदेशचंदौली

संपत्ति के लालच में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, पुलिस ने पिस्टल और डीवीआर किया बरामद

कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव का मामला, कई महीनों से रच रहा था हत्या की साजिश; होली के बाद घर में सो रहे भाई को मारी गोली

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र स्थित जलालपुर गांव में हुए चर्चित विशाल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया है।

इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में किया। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी विवेक सिंह को दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक विशाल सिंह सगे भाई थे। बड़े भाई होने के कारण पहले घर में उसका काफी सम्मान था, लेकिन एक हत्या के मामले में जेल जाने के बाद परिवार में उसकी प्रतिष्ठा खत्म हो गई थी। करीब चार महीने पहले घर की एक जमीन 75 लाख रुपये में बेची गई थी, जिसमें तीन हिस्से हुए थे। आरोपी के मुताबिक उसका हिस्सा खर्च हो चुका था और उसे हर जरूरत के लिए छोटे भाई विशाल पर निर्भर रहना पड़ता था।

आरोपी ने बताया कि जब भी वह पैसे मांगता था तो विशाल उसे अपमानित करता था। वह अपने हिस्से की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन उसमें भी उसका भाई आपत्ति करता था। इसी बात से परेशान होकर वह कई महीनों से अपने भाई की हत्या की योजना बना रहा था।

विवेक सिंह ने पुलिस को बताया कि उसे यह भी पता था कि विशाल ने जमानिया स्थित एचडीएफसी बैंक में करीब 25 लाख रुपये की एफडी करा रखी है। उसके मन में लालच था कि यदि विशाल की मौत हो जाएगी तो पूरी संपत्ति और पैसा उसी के पास आ जाएगा।

घटना वाले दिन होली पर उसने काफी शराब पी रखी थी और अगले दिन 5 तारीख की सुबह से भी शराब पी रहा था। उसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे उसका भाई विशाल घर के हाल में चौकी पर सो रहा था। तभी वह पीछे से गया और उसके सिर के पीछे गोली मार दी। गोली लगते ही विशाल की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। उसने घर में काम कर रहे दोनों नौकरों को यह कहकर खेत की तरफ भेज दिया कि वहां तेज आवाज आई है। नौकरों के जाते ही उसने सीसीटीवी का डीवीआर निकालकर भूसे वाले कमरे में छुपा दिया और अगले दिन बाइक से जाकर उसे नहर किनारे एक तालाब में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल और डीवीआर बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कंदवा थानाध्यक्ष उ0नि0 राजीव मल्ल, चौकी प्रभारी विजय कुमार राय, स्वाट व सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button