उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

पीडीडीयू नगर तहसील में 65 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण; शेष मामलों को तय समय सीमा में हल करने के निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पीडीडीयू नगर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्विवाद वरासत और अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत सुलझाने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 13 मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करने के लिए भेजा गया। शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस से संबंधित प्राप्त हुईं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और धरातलीय निस्तारण होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके अलावा उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तीन से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। साथ ही तीन वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों का भी जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी वाई.के. राय, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button