उत्तर प्रदेशचंदौली

फार्म हाउस पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या

चंदौली में दिनदहाड़े वारदात से सनसनी, परिजनों का हंगामा; पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज किया मुकदमा

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली जनपद में अपराध की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। फार्म हाउस पर सो रहे एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार करीब 27 वर्षीय विशाल सिंह फार्म हाउस पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित परिजनों ने पहले शव को उठाने से इनकार कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोगों की भारी भीड़ भी मौके पर जुट गई।

करीब दो घंटे बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन मुकदमा दर्ज कराने के लिए तैयार हुए, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिवार का पहले से कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button