उत्तर प्रदेशचंदौली

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 5 युवक गंभीर घायल, इलाज के दौरान एक की मौत

धानापुर के शहीद पार्क के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, घायलों को जिला अस्पताल रेफर; होली से पहले गांव में पसरा मातम

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार थाना धानापुर क्षेत्र के ग्राम सभा ओदरा निवासी शंभू (17) पुत्र जोधन राम और आकाश (18) पुत्र सुरेंद्र एक बाइक से थाना चौराहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से ब्लॉक बस्ती निवासी सागर (17) पुत्र कैलाश, संजय (26) पुत्र रामलाल और सतेंद्र (14) पुत्र दीना दूसरी बाइक पर सवार होकर आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि धानापुर के शहीद पार्क के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल सागर को जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और होली से पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button