उत्तर प्रदेशचंदौली

पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया हत्या के प्रयास का मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अवैध पिस्टल और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद; फायरिंग में घायल हुए थे कई युवक, BHU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज

रिपोर्ट: गणपत राय

जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल और एक बुलेट मोटरसाइकिल (UP67Q7557) भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 की रात मवई कला निवासी राम प्रसाद यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह और उसके साथियों ने उनके पुत्र सोनू यादव, भांजे राकुमार यादव उर्फ गोलू समेत अन्य साथियों पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया। सभी घायलों को इलाज के लिए Banaras Hindu University के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मामले में 1 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 मार्च की सुबह सहजौर ग्राम के पास भीखपुर रौना रोड अंडरपास से आरोपी सूर्य प्रकाश सिंह (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात वह ट्यूबवेल से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों से कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई। आवेश में आकर उसने ट्यूबवेल से असलहा लाकर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे लोग घायल हो गए। घटना के बाद वह बिहार भाग गया था।

आरोपी का पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button