भारतीय युवा कांग्रेस का ऐलान: राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में चंदौली सहित यूपी में नहीं मनाई जाएगी होली
जमानत पर स्टे के खिलाफ उबाल, बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली: भारतीय लोकतंत्र में शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन के अधिकार को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई सबमिट के दौरान किए गए अपने प्रदर्शन को पूरी तरह लोकतांत्रिक और अहिंसक बताया है। संगठन का आरोप है कि उनके कार्यकर्ताओं को अब तक पुलिस रिमांड से रिहा नहीं किया गया है, जिसे लेकर पार्टी में गहरा आक्रोश है।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब्ब को कोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद देर रात दिल्ली पुलिस द्वारा उस पर स्टे लिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है।
इसी के विरोध में उत्तर प्रदेश भर के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस वर्ष होली का पर्व नहीं मनाने का निर्णय लिया है। चंदौली जिले के कार्यकर्ताओं ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए साफ किया है कि जब तक उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरी तरह रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
जिला अध्यक्ष माधवेंद्र मूर्ति ओझा ने बयान जारी कर कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिहा नहीं किया गया तो चंदौली में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है। जहां एक ओर युवा कांग्रेस इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश बता रही है, वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
होली जैसे बड़े त्योहार के बहिष्कार के फैसले ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।



