चंदौली में धान खरीद को लेकर पूर्व विधायक की चेतावनी
किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरने का ऐलान, सोमवार को डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन की तैयारी

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली। जनपद में धान खरीद को लेकर किसानों की परेशानी एक बार फिर सामने आ रही है। सैयदराजा क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने किसानों के समर्थन में प्रशासन को खुली चेतावनी दी है।
पूर्व विधायक का कहना है कि जिले में कई धान क्रय केंद्र बंद होने की कगार पर हैं, जबकि बड़ी संख्या में किसानों का धान अब भी नहीं खरीदा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलियों का धान प्राथमिकता से खरीदा जा रहा है, जबकि असली किसान अपने धान की बिक्री के लिए भटक रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रोजाना कई किसान अपनी समस्या लेकर उनके पास पहुँच रहे हैं और सभी की एक ही शिकायत है कि उनका धान नहीं खरीदा जा रहा।
सोमवार को प्रदर्शन का ऐलान
पूर्व विधायक ने घोषणा की है कि सोमवार सुबह 10:30 बजे किसान अपना धान लेकर डिप्टी आरएमओ कार्यालय, चंदौली पहुँचें। उन्होंने कहा कि वहीं कांटा लगवाकर धान की तौल कराई जाएगी। यदि प्रशासन भुगतान नहीं करता है तो वे खुद किसानों का भुगतान करने को तैयार हैं।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार तक धान खरीद शुरू नहीं हुई तो किसानों का धान कार्यालय परिसर में गिराया जाएगा और उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
“किसानों के लिए 18वां मुकदमा भी मंजूर”
पूर्व विधायक ने कहा कि किसानों की लड़ाई लड़ते हुए उन पर पहले ही 17 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे किसानों का भुगतान करने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।
किसानों में बढ़ रहा आक्रोश
धान खरीद में देरी और केंद्रों की अनियमितता को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यदि बड़ी संख्या में किसान सोमवार को कार्यालय पहुँचते हैं तो स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है। अब सबकी नजर जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।



