महाशिवरात्रि पर काशी में हाई अलर्ट, 15–20 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल बोले—सुरक्षा, शालीन व्यवहार और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
वाराणसी: महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर काशी में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि पर करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसे देखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। पर्व के दौरान ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ विशेष बैठक कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उन्हें “मैडम” और “सर” कहकर संबोधित किया जाए, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को कम से कम समय में सहज और सुगमता के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएं। इसके लिए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा रहा है और भीड़ प्रबंधन की विशेष रणनीति तैयार की गई है।
गंगा घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे आयोजन की निगरानी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी स्वयं करेंगे।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर स्तर पर कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



