सड़क पर तड़प रहे वृद्ध को मनोज डब्लू ने पहुंचाया अस्पताल
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से भाजपा नेता के चाचा सहित दो घायल

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर। कस्बा क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान भाजपा नेता हरिवंश उपाध्याय के चाचा देवशरण उपाध्याय (70) के रूप में हुई है। हादसे में उनके साथ मौजूद बाइक सवार युवक मिथिलेश राम (32), निवासी मुगलसराय, भी चोटिल हो गया। घटना के बाद दोनों घायल सड़क पर तड़पते रहे और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अपना वाहन रुकवाया और तुरंत नीचे उतरकर दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमालपुर कस्बे में इंडियन पेट्रोल पंप के पास वाहनों के एक काफिले में शामिल तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने देवशरण उपाध्याय को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान बाइक से अपने गांव बहेरी जा रहे मैकेनिक मिथिलेश राम भी हादसे की चपेट में आ गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल वृद्ध की पहचान भाजपा नेता हरिवंश उपाध्याय के चाचा के रूप में की। मनोज सिंह डब्लू की तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी सही मायनों में निभाते हैं। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।



