मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत चंदौली पुलिस की सराहनीय पहल, बिछड़ा दंपत्ति फिर से एकजुट
एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर मिशन शक्ति केंद्र की काउंसलिंग से पारिवारिक विवाद सुलझा, आपसी सहमति से साथ रहने को राजी हुआ दंपत्ति
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत चंदौली पुलिस लगातार सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार थाना सकलडीहा एवं मिशन शक्ति केंद्र की पहल पर एक बिखरते परिवार को फिर से जोड़ने में सफलता मिली।
पारिवारिक विवाद को लेकर पति एवं परिजनों के खिलाफ प्राप्त प्रार्थना पत्र पर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को नोटिस एवं मोबाइल के माध्यम से सूचित कर थाना सकलडीहा/मिशन शक्ति केंद्र बुलाया गया। यहां महिला थाना एवं मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को पारिवारिक मूल्यों, आपसी सम्मान और रिश्तों की अहमियत को समझाया।
लगातार काउंसलिंग और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने बिना किसी दबाव के अपनी पूर्व की गलतियों को स्वीकार करते हुए नए सिरे से पति-पत्नी के रूप में साथ रहने की सहमति व्यक्त की। महिला थाना/मिशन शक्ति केंद्र की इस पहल से न केवल पारिवारिक विवाद का सफल निस्तारण हुआ, बल्कि टूटने की कगार पर पहुंचे रिश्ते को भी बचा लिया गया।
समझौते के बाद दंपत्ति को परिजनों के साथ खुशी-खुशी विदा किया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत चंदौली पुलिस की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली साबित हो रही है।



