उत्तर प्रदेशचंदौली

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने 500 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

चंदौली के तियरी गांव में कंबल वितरण शिविर के साथ आवास, पेंशन, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर की गई विस्तृत बातचीत

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को शहाबगंज ब्लॉक के तियरी गांव में कंबल वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के आवास पर संपन्न हुआ, जहां तियरी और बेन गांव के लगभग 500 गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्रबली सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तियरी और बेन गांव में जिला व क्षेत्र पंचायत के माध्यम से कई विकास कार्य कराए गए हैं और भविष्य में आवास, पेंशन व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही कैंप के माध्यम से मोतियाबिंद मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जा रहा है। इस अवसर पर महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन भी प्रदान किए गए।

विशिष्ट अतिथि श्याम जी सिंह ने कहा कि भीषण ठंड में जरूरतमंदों को कंबल या गर्म कपड़े देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आगे आने और गरीबों की मदद करने की अपील की।

कंबल पाकर बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। ग्रामीणों ने इस मानवीय पहल के लिए आयोजकों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button