उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में फूड इंस्पेक्टर का वायरल ऑडियो, सीज माल बेचने की सलाह से विभाग में हड़कंप

215 बोरी मैदा-सूजी मामले में निरीक्षक पर गंभीर आरोप, विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग उस समय विवादों में घिर गया जब खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार गौड़ का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस ऑडियो में निरीक्षक एक दुकानदार को विभाग द्वारा सीज किए गए मैदा और सूजी को बेचने की सलाह देते हुए सुने जा रहे हैं। ऑडियो सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पूरा मामला चकिया कस्बे स्थित केसरी किराना स्टोर से जुड़ा है। बीते दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया था। इस दौरान दुकान में रखी 215 बोरी सूजी को अधोमानक पाए जाने पर सीज कर दिया गया था। साथ ही, नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए थे।

आरोप है कि इसके बावजूद खाद्य निरीक्षक ने दुकानदार से जब्त किए गए माल को बेचने का सुझाव दिया। वायरल ऑडियो में यह बातचीत स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है, जिससे विभाग की छवि को गहरा आघात पहुंचा है।

मामले पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में निरीक्षक मनोज कुमार गौड़ और कर्मचारी गणपति पाठक द्वारा विभागीय सूचनाएं लीक करने और दुकानदार से मिलीभगत करने के आरोप सामने आए हैं। इसे कर्तव्यनिष्ठा के विरुद्ध मानते हुए दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button