अपराध जगत के दो कुख्यात अपराधी 25-25 हजार के ईनामिया घोषित, क्राइम ब्रांच की टीमें तलाश में जुटीं
कंदवा व सदर कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट पर एसपी आदित्य लांग्हे ने सिद्धार्थ और विक्रांत सिंह पर घोषित किया ईनाम, हत्या व लूट जैसे गंभीर मामलों में रहे हैं सक्रिय
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। जनपद में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दो अभियुक्तों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। कंदवा थाना और सदर कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मझवार गांव निवासी सिद्धार्थ पुत्र अजीत सिंह और कंदवा थाना क्षेत्र के महुजी गांव निवासी विक्रांत सिंह पुत्र चंद्रभूषण सिंह को ईनामिया अपराधी घोषित किया है।
ईनाम घोषित होते ही क्राइम ब्रांच, स्वाट और सर्विलांस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि सिद्धार्थ और विक्रांत दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। सिद्धार्थ के खिलाफ सदर कोतवाली समेत विभिन्न थानों में कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, वहीं विक्रांत सिंह पर भी धानापुर और सकलडीहा थानों में लूट, साजिश और धोखाधड़ी जैसे मामलों में केस पंजीकृत हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इन अपराधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित ईनाम की राशि दी जाएगी। वहीं पुलिस मुठभेड़ या गिरफ्तारी में शामिल टीम को भी यह ईनाम प्रदान किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



