कौड़िया माता मंदिर चोरी का खुलासा, आरोपी की कहानी सुन पुलिस भी नहीं रोक पाई हंसी
सपने में मंदिर का नाम बताने की दलील देने वाला आरोपी लंका इलाके से गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित कौड़िया माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरफ्त में आए आरोपी की कहानी सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए हैरान और मुस्कुराने पर मजबूर हो गई। आरोपी का कहना है- “साहब, मैं केवल मंदिर में ही चोरी करता हूँ, किसी के घर की ओर देखता भी नहीं।”
भेलूपुर पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार कनौजिया उर्फ मनोज धोबी के रूप में हुई है, जो लंका के साकेत नगर का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अजीबोगरीब तर्क देते हुए बताया कि एक व्यक्ति सपने में आकर उसे मंदिर का नाम बताता है और वह सिर्फ मंदिर का पैसा ही चुराता है, जबकि सामान या तो फेंक देता है या झाड़ियों में छिपा देता है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने हाल ही में कौड़िया माता मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी की थी और मंदिर के पास स्थित दुकान से पीतल की मूर्तियां भी उड़ा ली थीं। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मंदिर के महंत मनीष तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को साकेत नगर पार्क नंबर-1 से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर से चोरी किए गए पीतल के गिलास, लोटे, मूर्तियां, धार्मिक बर्तन और 5750 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इससे पहले भी वर्ष 2015 में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वह अब तक आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड विकास मिश्र, चौकी प्रभारी अस्सी रोहित त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।



