उत्तर प्रदेशवाराणसी

आईपी विजया मॉल की कैंटीन में परोसा गया सड़ा समोसा, वीडियो वायरल; ग्राहक ने दर्ज कराई शिकायत

भेलूपुर स्थित मॉल में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही, संतोषजनक जवाब न मिलने पर ग्राहक ने की विभागीय शिकायत

वाराणसी। भेलूपुर स्थित आईपी विजया मॉल की कैंटीन में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक ग्राहक को सड़ा हुआ समोसा परोसने का आरोप लगा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

चिरईगांव निवासी हर्षित कुमार मौर्य 1 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11:28 बजे मॉल की कैंटीन में समोसा खाने पहुंचे थे। समोसा खाने के दौरान उन्हें उसकी गुणवत्ता पर संदेह हुआ। जब उन्होंने समोसा खोलकर देखा तो वह पूरी तरह सड़ा हुआ निकला।

आक्रोशित ग्राहक ने तत्काल कैंटीन प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्राहक द्वारा मालिक को बुलाने की मांग की जाती है, जिस पर कैंटीन कर्मी यह कहते हुए नजर आते हैं कि “छोटी सी बात के लिए मालिक नहीं आएंगे।” इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई।

प्रबंधन से निराश होने के बाद हर्षित कुमार मौर्य ने मामले की औपचारिक शिकायत संबंधित विभाग में दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही मॉल में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि एक प्रतिष्ठित मॉल में इस तरह का सड़ा हुआ खाद्य पदार्थ परोसा जाना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

ग्राहकों और स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी कैंटीन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, संबंधित विभाग की ओर से शिकायत पर संज्ञान लेने और जांच की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button