उत्तर प्रदेशवाराणसी

नए साल में काशी फुल हाउस, गंगा किनारे कमरों का किराया एक लाख तक पहुंचा

31 दिसंबर से 1 जनवरी के लिए होटल बुकिंग फुल, होटल-रेस्टोरेंट कारोबार से 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई का अनुमान

वाराणसी। नए साल का जश्न इस बार रिकॉर्ड तोड़ होने जा रहा है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए शहर के छोटे-बड़े सभी होटल पूरी तरह बुक हो चुके हैं। स्थिति यह है कि छोटे लॉज तक में कमरे उपलब्ध नहीं हैं। होटल और रेस्टोरेंट्स में न्यू ईयर ईव पर डांस पार्टी और विशेष आयोजनों को लेकर लोगों ने एक महीने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी।

वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा के अनुसार, नए साल के मौके पर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार से 100 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है। बढ़ती मांग के चलते कई ऑनलाइन बुकिंग साइट्स बार-बार क्रैश हो रही हैं। वहीं, कई होटलों और लॉज ने कमरों के रेट दोगुने तक बढ़ा दिए हैं। आम दिनों में 1000 रुपये में मिलने वाले कमरे अब 2200 रुपये तक पहुंच गए हैं। कई होटलों के बाहर हाउसफुल के बोर्ड लगे हुए हैं।

जश्न में डूबेगी काशी

गंगा किनारे स्थित हेरिटेज होटलों और “रिवर व्यू” कमरों की डिमांड सबसे ज्यादा है। ऑनलाइन बुकिंग साइट्स के मुताबिक, घाटों के पास स्थित कुछ होटलों में एक रात का किराया एक लाख रुपये तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों में 60 से 70 हजार रुपये रहता है। कैंट और नदेसर क्षेत्र के लग्जरी होटलों में भी कमरे 70 से 80 हजार रुपये प्रति रात की दर से बुक हो रहे हैं, जबकि आम दिनों में यही कमरे 40 से 50 हजार रुपये में मिल जाते हैं। इवेंट प्लानर अर्पित सिंह बताते हैं कि 31 दिसंबर की रात को खास बनाने के लिए होटलों और रेस्टोरेंट्स ने डीजे नाइट, लाइव म्यूजिक, लोक नृत्य और विशेष बुफे की तैयारियां की हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए “स्टे एंड डाइन” जैसे कॉम्बो पैकेज भी पेश किए गए हैं। अधिकांश रेस्टोरेंट्स में डिनर टेबल पहले से रिजर्व हो चुकी हैं।

केवल होटल ही नहीं, हर सेक्टर में छाई ‘चांदी’

नए साल के जश्न का फायदा सिर्फ होटल कारोबार तक सीमित नहीं है। स्ट्रीट फूड वेंडर्स, ई-रिक्शा चालक, नाव संचालक और हस्तशिल्प व्यापारियों का कारोबार भी तेज़ी से बढ़ा है। घाटों पर सुबह की आरती से लेकर देर रात तक पर्यटकों की भीड़ बनी हुई है। शहर में प्रतिदिन तीन लाख से अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिरों, घाटों और पर्यटन स्थलों पर जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है।

Related Articles

Back to top button