7 मिनट का आख़िरी वीडियो और टूटा एक परिवार, राहुल केस में न्याय की पुकार
फरार आरोपी शुभम सिंह उर्फ डेंजर की गिरफ्तारी न होने पर कचहरी- शास्त्री घाट पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

वाराणसी, 29 दिसंबर 2025। लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी राहुल मिश्रा आत्महत्या मामले में परिजनों और सामाजिक संगठनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मृतक की मां ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर राहुल की पत्नी संध्या सिंह के कथित प्रेमी शुभम सिंह उर्फ डेंजर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर शुभम सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो परिवार और सामाजिक संगठन कचहरी–शास्त्री घाट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
राहुल मिश्रा (30) ने 9-10 दिसंबर 2025 की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने बाइक पर चलते हुए करीब 7 मिनट 29 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें पत्नी संध्या सिंह पर बेवफाई, अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। वीडियो में राहुल ने कहा था कि वह पत्नी और बेटे से बेहद प्यार करते थे और जीना चाहते थे, लेकिन कथित तौर पर पत्नी के संबंध और बेटे से मिलने से रोके जाने के कारण वे मानसिक रूप से टूट गए।
मामले में राहुल की पत्नी संध्या सिंह और उसकी मां को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे शुभम सिंह उर्फ डेंजर की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। राहुल की मां का कहना है कि वीडियो में स्पष्ट साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद कार्रवाई में देरी की जा रही है।
इस मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी (अध्यक्ष, युवा फाउंडेशन), जिला अध्यक्ष विकास मौर्या, हेमंत पाठक, डेबिट मिश्रा, दुर्गेश पांडे, निमिष उपाध्याय, अक्षय मिश्रा, अमन पांडे, अमन मिश्रा, गौतम मिश्रा, बल्लू सहित अन्य लोगों ने परिवार का समर्थन करते हुए पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। पुलिस कमिश्नर की ओर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।



