उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में व्यापारियों संग डीसीपी की बैठक, पांडेपुर–पहड़िया मार्ग की ट्रैफिक समस्या पर मंथन

लालपुर–पाण्डेयपुर क्षेत्र में गोष्ठी, शराब ठेके को जाम की बड़ी वजह बताया, पुलिस ने समाधान का दिया भरोसा

वाराणसी के पांडेपुर- पहड़िया मुख्य मार्ग पर लगातार बनी गंभीर ट्रैफिक समस्या, सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों में गहरी नाराज़गी देखी जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना लालपुर–पाण्डेयपुर क्षेत्र के एक निजी होटल में व्यापारियों और पुलिस-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह गोष्ठी पुलिस आयुक्त के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कैंट नितिन तनेजा, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय पार्षद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सर्राफा व्यापारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शराब ठेके को बताया जाम की बड़ी वजह

बैठक के दौरान व्यापारियों ने पांडेपुर–पहड़िया मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम के लिए मुख्य सड़क पर स्थित शराब ठेके को जिम्मेदार ठहराया। व्यापारी नेता कविंद्र जायसवाल ने कहा कि सुबह से देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सड़क पर वाहन खड़े हो जाते हैं और यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब ठेके के पास स्थित हनुमान मंदिर के आसपास खुलेआम शराब पी जाती है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।

कार्रवाई न होने से नाराज़गी

व्यापारियों का कहना था कि इसी मार्ग से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं, बावजूद इसके अव्यवस्था पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन की सख्ती अधिकतर व्यापारियों तक ही सीमित रहती है।नगर निगम के अतिक्रमण अभियान पर भी सवाल उठाए गए। व्यापारियों के अनुसार दिन में अभियान चलता है, लेकिन शाम होते ही फिर से सड़क किनारे दुकानें लग जाती हैं, जिससे समस्या बनी रहती है। पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से ट्रैफिक हालात और बिगड़ जाते हैं।

पुलिस ने दिया समाधान का आश्वासन

बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी, ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। डीसीपी वरुणा जोन ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी आपसी समन्वय के साथ इस तरह की बैठकों के आयोजन की बात कही।

Related Articles

Back to top button