वाराणसी में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी शिक्षक फरार, 7 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
फेल करने की धमकी देकर करता था उत्पीड़न, अश्लील मैसेज भेजकर घर बुलाने का आरोप
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक पर कक्षा 8 की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पीड़िता के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद क्षेत्र के एक स्कूल में मोरल और जीके विषय पढ़ाने वाला शिक्षक लंबे समय से छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें कर रहा था। छात्रा द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी शिक्षक उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी देता था। भय के चलते छात्रा ने पहले यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई।
बताया गया कि बीते शनिवार देर रात करीब 1 बजे आरोपी शिक्षक ने छात्रा के मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजे और उसे घर के नीचे बुलाया। जब छात्रा वहां पहुंची, तो शिक्षक ने कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर उसके साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन जाग गए और टॉर्च की रोशनी में एक युवक को मौके से भागते हुए देखा गया। इसके बाद छात्रा ने रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती बताई।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की धीमी कार्रवाई से आरोपी के हौसले बुलंद हो सकते हैं। लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



