उत्तर प्रदेशवाराणसी

फॉर्च्यूनर से छात्र की बाइक 700 मीटर तक घसीटी, सड़क पर मचा हड़कंप

ब्लॉक प्रमुख का बेटा बताया जा रहा चालक, राहगीरों ने कार में की तोड़फोड़; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वाराणसी: शहर में कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार पुलिस चौकी के पास एक फॉर्च्यूनर कार चालक ने छात्र की बाइक को करीब 700 मीटर तक घसीट दिया। यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है, जिसने राहगीरों में दहशत फैला दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर चालक ने पहले छात्र की बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चालक ने बाइक को कार से बांध लिया और तेज रफ्तार में सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ गया। बाइक घसीटने के दौरान सड़क पर चिंगारियां उठती रहीं और तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए।

घटना के दौरान कई राहगीर अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे भागते नजर आए। वहीं, गुस्साए लोगों ने फॉर्च्यूनर कार को रोककर उसमें तोड़फोड़ भी की। हालात बिगड़ते देख मौके पर पुलिस पहुंची और चालक को भीड़ के गुस्से से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, फॉर्च्यूनर चालक चंदौली के धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय खलनायक का बेटा बताया जा रहा है। वाहन अजय सिंह खलनायक की पत्नी मीरा सिंह के नाम से आरटीओ में पंजीकृत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button