मुगलसराय में 160 किलो का विशालकाय बकरा बना आकर्षण का केंद्र
बकरीद से पहले मुगलसराय में 160 किलो से ज्यादा वजन वाला विशालकाय बकरा चर्चा का विषय बना, इसे देखने लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के मुगलसराय में इन दिनों एक विशालकाय बकरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बकरीद के मौके पर कुर्बानी के लिए लाया गया यह बकरा अपनी असाधारण कद-काठी और 160 किलो से अधिक वजन के कारण चर्चा में है। करीब 5 से 6 फुट लंबे इस बकरे को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। बच्चे और बड़े सभी इसके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं।
बकरे के मालिक जैद अहमद ने बताया कि इस बकरे को उनके एक दोस्त के फार्म हाउस पर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि खरीद के समय इसका वजन करीब 100 किलो था, लेकिन लगातार देखभाल और पौष्टिक आहार की वजह से अब इसका वजन 160 किलो से अधिक हो गया है।
जैद के अनुसार, पिछले 11 महीनों से इसकी विशेष देखभाल की जा रही थी। इसके खानपान में हरी घास, चना, दाना और अन्य पौष्टिक चीजें शामिल थीं। उन्होंने बताया कि बकरे की देखभाल पर हर महीने करीब 5 हजार रुपये खर्च हुए, जिससे कुल खर्च लगभग 55 हजार रुपये तक पहुंच गया।
बकरीद नजदीक आने के साथ इस खास बकरे को देखने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोग इसे इलाके के सबसे बड़े और अनोखे बकरों में से एक बता रहे हैं।



