सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर घर में घुसकर हमला, पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष
चंदौली के मुगलसराय में सपा नेताओं के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, गार्गी पटेल गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी पार्टनरशिप को लेकर चल रहे विवाद में सपा नेता के परिवार ने गार्गी पटेल के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि गार्गी पटेल और एक सपा नेता के बीच जमीन कारोबार को लेकर साझेदारी थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के चलते आरोपी पक्ष घर में घुस आया और हमला कर दिया। घटना के दौरान जमकर मारपीट हुई और गार्गी पटेल बेहोश होकर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बीच-बचाव करने वालों को भी धमकियां दी गईं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घायल गार्गी पटेल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



