सकलडीहा तहसील में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित
जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण के दिए गए निर्देश, 108 प्रार्थना पत्रों में 10 का मौके पर हुआ समाधान

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली/02 मई 2026। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण हेतु सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सकलडीहा तहसील सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के दौरान लाभार्थीपरक योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन योजना तथा निर्विवाद वरासत जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाया जाए।
उन्होंने बताया कि समाधान दिवस में कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग एवं पुलिस से संबंधित रहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा में उसका समाधान अनिवार्य है। सभी शिकायतों की मॉनिटरिंग आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की तुलना में शिकायतों के निस्तारण में सुधार हुआ है, लेकिन फिर भी सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



