सोमनाथ पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे, बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में मना अमृत महोत्सव
रुद्राभिषेक, प्रसाद वितरण और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं ने मनाया उत्सव, जनप्रतिनिधियों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश

चकिया। हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन चकिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विकास सिंह के नेतृत्व में किया गया। विधायक कैलाश आचार्य और भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। इसके पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकता और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति की पहचान हमारे मंदिर और धार्मिक परंपराएं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और बढ़ावा देने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
विकास सिंह ने कहा कि अमृत महोत्सव के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम रहा।
कार्यक्रम के दौरान महंत अनूप गिरी, सुधीर पांडेय, राजू गिरी, बबलू सिंह, विजयानंद द्विवेदी, एडीओ पंचायत एनडी तिवारी, प्रधान महेश यादव, प्रधान राजेश कुमार, सेक्रेटरी देवेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



