मुगलसराय में स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन, बिजली विभाग कार्यालय का घेराव
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों पर आक्रोश, पुराने मीटर लगाने और बकाया माफ करने की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में मंगलवार दोपहर वार्ड नंबर-3 की पासवान बस्ती और नई बस्ती आवास की करीब 100 महिलाओं ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि वे मजदूरी, झाड़ू-पोछा और छोटे-मोटे काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हर महीने हजारों रुपये के बिजली बिल आ रहे हैं। यह बिल उनकी आमदनी से कहीं अधिक है, जिससे घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर को हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं और बढ़े हुए बकाया बिलों को माफ किया जाए।
अधीक्षण अभियंता का बयान
इस मामले पर अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने बताया कि सरकार की योजना के तहत प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदला जा रहा है और उपभोक्ताओं को हर महीने एसएमएस व व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर बकाया बिल है, उन्हें 10 किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जा रही है।
समाधान के लिए लगाए जाएंगे विशेष कैंप
अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी उपभोक्ता को अधिक बिल आने की शिकायत है तो वह विभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकता है। 15 तारीख से विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां बिजली बिल, मीटर और लोड से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
वहीं प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं और उन्होंने विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।



