वृद्ध आश्रम मधुपुर में स्वतंत्रता दिवस पूर्व निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार समेत समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के मधुपुर स्थित वृद्ध आश्रम में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगे इस कार्यक्रम में आश्रम परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री राजीव कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ वृद्ध आश्रम के संचालक गिरिजेश राय, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी तथा वृद्ध आश्रम के कर्मचारीगण शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आश्रम में विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों में राष्ट्रीय चेतना और उत्साह का संचार हो सके।



