लड़कियों को धमकाकर गहने और नकदी ऐंठने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
धानापुर पुलिस की कार्रवाई, तीन लाख से अधिक के आभूषण और नकदी बरामद; प्रेम प्रपंच से जुड़ाव की भी चर्चा

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में लड़कियों को डरा-धमकाकर गहने और नकदी ऐंठने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए युवतियों को निशाना बनाते थे और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी वसूलते थे।
मामला उस वक्त सामने आया जब प्रसादपुर निवासी घनश्याम यादव ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मोहित यादव और नीरज यादव ने उनकी बेटी को धमकाया। डर के कारण युवती ने घर में रखे मां के गहने और करीब एक लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
शिकायत के आधार पर सक्रिय हुई धानापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को शहीद गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चांदी की पैजनी, सोने का मांग टीका, अंगूठी, कमरबंद, कान के टॉप्स, नथिया और 1 लाख 350 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म के हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी इन पैसों को घूमने-फिरने में खर्च करते थे और बाकी गहनों को बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वहीं, ग्रामीणों के बीच इस मामले को प्रेम प्रपंच से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।



