डेढ़गावा माइनर की बदहाली से किसानों में बढ़ी चिंता, धान की खेती पर संकट के आसार
धीना क्षेत्र में माइनर की सफाई की मांग तेज, झाड़-झंखाड़ और गाद से पानी का प्रवाह प्रभावित; किसानों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली: जनपद के धीना क्षेत्र में किसानों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। किसानों की जीवनरेखा मानी जाने वाली डेढ़गावा माइनर की खराब स्थिति अब खेती पर असर डालने लगी है। नारायणपुर मुख्य नहर से निकली इस माइनर में कई जगह झाड़-झंखाड़, मिट्टी और गाद जमा होने से पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई नहीं मिलने की आशंका है।
किसान नेता मुन्ना सिंह के अनुसार, धीना थाना के पास माइनर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण पानी आगे तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सिंचाई संकट का सामना करना पड़ सकता है।
धान की नर्सरी तैयार करने का समय नजदीक होने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। खेतों तक पानी पहुंचने में पहले से दिक्कत आ रही है और यदि यही स्थिति बनी रही तो धान की रोपाई प्रभावित हो सकती है। किसानों का कहना है कि हर वर्ष खेती और बारिश के मौसम से पहले माइनरों की सफाई कराई जाती थी, लेकिन इस बार अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द जेसीबी और सफाई कर्मियों को लगाकर माइनर की सफाई कराई जाए, ताकि समय पर खेतों तक पानी पहुंचे और खेती प्रभावित न हो। किसानों को उम्मीद है कि विभाग इस समस्या का जल्द समाधान करेगा।



