चंदौली में पूर्वांचल एग्रो इंडस्ट्रीज चावल मिल क्लस्टर परियोजना का भूमि-पूजन संपन्न
रेवसां गांव में बनेगा देश का सबसे बड़ा CFC, 40 हजार से अधिक किसानों और श्रमिकों को मिलेगा सीधा लाभ

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली के ग्राम रेवसां में 1 मई 2026 को पूर्वांचल एग्रो इंडस्ट्रीज चावल मिल क्लस्टर परियोजना का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस परियोजना के तहत सामान्य सुविधा केंद्र (CFC) की स्थापना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा MSE-CDP योजना के अंतर्गत प्रदान किए गए चावल क्षेत्र के राष्ट्रीय स्तर पर अब तक के सबसे बड़े अनुदान से की जा रही है।
यह परियोजना देश का सबसे बड़ा चावल सामान्य सुविधा केंद्र बनने जा रही है, जिससे चंदौली और आसपास के क्षेत्रों के 40,000 से अधिक किसान, उद्यमी और श्रमिक सीधे लाभान्वित होंगे। इसके माध्यम से न केवल कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
परियोजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ ही किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है, जिससे जनपद के विकास को नई दिशा मिलेगी।



