उत्तर प्रदेशचंदौली

मिर्गी का दौरा पड़ने से पानी भरी नाद में गिरा किशोर, मौके पर हुई मौत

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, किशोर पशुओं को चारा-पानी दे रहा था, तभी उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह पानी से भरी नाद (हौदी) में औंधे मुंह गिर गया। काफी देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान नरौली निवासी पवन यादव (13) पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक पवन को पहले से मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि दौरा पड़ने के कारण वह संतुलन खो बैठा और हौदी में गिर गया।

काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब परिवार के लोग पशुओं के तबेले में पहुंचे तो पवन पानी भरी हौदी में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

Related Articles

Back to top button