एसडी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी ने मोहा मन
जनौली में छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों के साथ राम, सीता और हनुमान का किया सजीव चित्रण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नारी शक्ति के सम्मान का संदेश

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर एसडी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल, जनौली में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के साथ भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी के पात्रों का आकर्षक रूप में सजीव चित्रण किया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों—मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री का रूप धारण कर उनकी महिमा प्रस्तुत की। इसके साथ ही राम, सीता और हनुमान के पात्रों के माध्यम से भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाई गई।
नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति का दिया संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और नारी शक्ति के महत्व से परिचित कराना रहा। प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने शक्ति, साहस, ज्ञान और करुणा जैसे मूल्यों को प्रदर्शित किया। साथ ही समाज में महिलाओं के सम्मान और उनकी गरिमा बनाए रखने का संदेश भी दिया।
विद्यालय के प्रबंधक जयप्रकाश उपाध्याय उर्फ मिंटू ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर प्रबंधक जयप्रकाश उपाध्याय उर्फ मिंटू, प्रधानाध्यापक अखंडानंद तिवारी, अरविंद कुमार, अजीत कुमार, नेहा राय, उपासना सिंह, प्रार्थना थापा, पेमा थापा, अमृता, अर्पिता, पम्मी, उन्नति, वेदिका, रिया और मांडवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



