उत्तर प्रदेशचंदौली

88 में 60 लेखपाल मिले अनुपस्थित, एसडीएम आकांक्षा सिंह ने जारी किया स्पष्टीकरण

शिकायतों के बाद सकलडीहा तहसील में औचक जांच, लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी

रिपोर्ट: अवधेश राय 

सकलडीहा। तहसील में लेखपालों की कार्यशैली और उपस्थिति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम आकांक्षा सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को एसडीएम ने तहसील पहुंचकर लेखपालों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच के दौरान कुल 88 लेखपालों में से 60 अनुपस्थित मिले।

बड़ी संख्या में लेखपालों के अनुपस्थित मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। अनुपस्थित पाए गए सभी लेखपालों को तत्काल अनुपस्थित दर्ज करते हुए स्पष्टीकरण जारी किया गया है। साथ ही कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बताया गया कि तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को कई बार लेखपालों के कार्यालय में नहीं मिलने की शिकायत रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, आय, जाति, निवास, वरासत और भूमि संबंधी मामलों समेत विभिन्न कार्यों के लिए तहसील पहुंचने पर लेखपालों के उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ लोगों ने लेखपालों द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत भी की थी।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आकांक्षा सिंह ने लेखपालों की उपस्थिति की जांच कराई। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में 88 में से 60 लेखपाल अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद सभी अनुपस्थित लेखपालों के खिलाफ स्पष्टीकरण की कार्रवाई की गई।

एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों की समस्याओं और सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लेखपालों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने और निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई की फरियादियों ने सराहना की।

Related Articles

Back to top button