वाराणसी में पेंशनर्स संस्था की बैठक, सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
8वें केंद्रीय वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों का पेंशन पुनरीक्षण शामिल करने समेत कई मांगें उठाईं

रिपोर्ट: गणपत राय
वाराणसी/कचहरी। उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था, शाखा वाराणसी की बैठक मंगलवार को कचहरी स्थित कोषागार परिसर के पेंशनर्स कक्ष में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इं. एस.डी. मिश्र ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय ने किया। बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई।
संस्था के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर पेंशनरों की मांगों को लेकर जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से प्रधानमंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें रखी गईं।
पेंशनरों की मांग है कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के विचारणीय बिंदुओं में 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों के पेंशन पुनरीक्षण को शामिल किया जाए। इसके साथ ही 7वें वेतन आयोग की तरह पुराने पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग के सभी लाभ दिए जाने संबंधी शासनादेश जारी करने की मांग की गई।
इसके अलावा कोरोना काल से पहले वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को रेल एवं हवाई यात्रा में मिलने वाली किराया छूट बहाल करने, कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते/महंगाई राहत के अवशेष का भुगतान करने तथा पेंशन राशिकरण की कटौती अवधि को 15 वर्ष से घटाकर अधिकतम 11 वर्ष करने की मांग उठाई गई।
पेंशनरों ने 80 वर्ष की आयु पूरी होने पर मिलने वाली 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन के स्थान पर 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन दिए जाने की मांग भी रखी।
बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति के लिए पेंशनरों को भौतिक रूप से आवेदन करने की पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग की। साथ ही 9 सितंबर 2026 के शासनादेश में आवश्यक संशोधन किए जाने की बात कही।
बैठक में संस्था के प्रांतीय संरक्षक इं. शमसुल आरेफिन, जनपदीय संरक्षक इं. आर.पी. मिश्र समेत कई पेंशनर्स मौजूद रहे। इं. डी.एल. श्रीवास्तव, हीरालाल, डॉ. परमहंस मिश्र, डॉ. सुधाकर मिश्र, इं. एस.एन. मणि, नागेंद्र सिंह, अमरदेव, प्रभाकर दुबे, शिव प्रकाश, वी.एन. त्रिपाठी, दयाशंकर सिंह यादव, रामजग, राकेश मोहन पाण्डेय, शैलकुमारी, शकुंतला देवी, सावित्री देवी और रामचंद्र गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने बैठक को संबोधित किया।



