उत्तर प्रदेशचंदौली

2027 में बसपा की सरकार बनाने के लिए वोट की ताकत दिखानी होगी: भीम राजभर

कमालपुर में आयोजित हुआ पिछड़ा भाईचारा सम्मेलन, पूर्व बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने पिछड़ा समाज से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर। कस्बा स्थित बाबा शिरोमणि संत रविदास जी महाराज मंदिर परिसर में बसपा की ओर से पिछड़ा भाईचारा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं पूर्व बसपा प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने पार्टी संस्थापक कांशीराम और डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भीम राजभर ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में अपने मत की ताकत दिखाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने मत का सही इस्तेमाल कर बसपा प्रमुख मायावती को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष और उनके दर्द को याद करते हुए स्वाभिमान के साथ पार्टी को मजबूत करना होगा। बसपा की सोच समाज को शिक्षित कर विकास की ओर ले जाने की है। उन्होंने बसपा सरकार के दौरान विद्यालयों के निर्माण और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

भीम राजभर ने कहा कि पिछड़े समाज को बसपा ने हमेशा सम्मान देने का काम किया है। पिछड़ा भाईचारा सम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सत्येंद्र मौर्य ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान ने किया। इस दौरान मंडल कोऑर्डिनेटर छोटू भारती, शैलेश चौधरी, राजन खान, अनिल कुमार, उमाकांत राम, नंदकिशोर विश्वकर्मा, रमेश चंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button