डवक ग्राम सभा में नाली समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
जलभराव और गंदगी से नाराज ग्रामीणों ने प्रधान व प्रशासन से तत्काल सफाई और स्थायी समाधान की मांग उठाई

रिपोर्ट: गणपत राय
बबुरी (चंदौली)। डवक ग्राम सभा में नाली की जर्जर स्थिति और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहल्ले की मुख्य नाली कई महीनों से जाम पड़ी हुई है, जिससे बारिश के दौरान गंदा पानी सड़कों और घरों में भर जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डायरिया व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। गंदगी और जलजमाव के चलते बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर नाली की सफाई कराई जाए तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई नाली का निर्माण कराया जाए।
प्रदर्शन में आशुतोष गिरी, अखिलेश गिरी, विजय गिरी, कमला पांडेय, मुन्ना पांडेय, आरती सिंह, चिंता देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



