उत्तर प्रदेशचंदौली

समाजवादी पार्टी सैयदराजा की मासिक बैठक सम्पन्न, संगठन को मजबूत करने का आह्वान

कमालपुर में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक मनोज सिंह सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क बढ़ाने की अपील की

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर (चंदौली)। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के कमालपुर स्थित मंगलम वाटिका में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, बूथ एवं सेक्टर प्रभारियों के साथ क्षेत्र के कई सम्मानित लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

वरिष्ठ समाजवादी नेता रमेश यादव ने बूथ एवं सेक्टर प्रभारियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि चुनावी सफलता संगठन की मजबूती पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें, जिससे संगठन और अधिक मजबूत हो सके।

बैठक में मंगल कवि, जगमेंद्र यादव, राम भवन मौर्य, बृजेश यादव, पिंटू यादव, रामदुलार कनौजिया, संतोष उपाध्याय, मुन्ना खरवार, हरिश्चंद्र राजभर, सरोज विश्वकर्मा, देवमूरत गोंड, प्रमेन्द्र यादव, अशोक यादव, रामधनी यादव, राजेश यादव (गौसपुर), अयोध्या प्रसाद, इबरार अहमद, महगू राम और सेचन बिंद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राम जन्म यादव ने की, जबकि संचालन दयाराम यादव ने किया। बैठक के अंत में नेताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों को लेकर पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button