उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी कचहरी में पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के खिलाफ प्रदर्शन, हिंदू संगठनों ने लगाया ‘धर्म बचाओ’ का नारा

श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट और रथयात्रा मेले के प्रबंधन को लेकर उठे सवाल, प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट: गणपत राय 

वाराणसी कचहरी परिसर में मंगलवार को पूर्व एमएलसी बृजेश कुमार सिंह (अरुण) के विरोध का मामला सामने आया। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर में नारेबाजी करते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय की ओर मार्च निकाला।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “त्राहिमाम, माफिया से धर्म बचाओ” जैसे नारे लगाए। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के संचालन में पारदर्शिता और जनभावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

गौरतलब है कि वाराणसी के प्रसिद्ध रथयात्रा मेले तथा अस्सी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी (अध्यक्ष) पूर्व एमएलसी बृजेश कुमार सिंह (अरुण) हैं। इसी मुद्दे को लेकर पिछले कुछ समय से विभिन्न संगठनों द्वारा सवाल उठाए जाते रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बृजेश सिंह की बाहुबली छवि को लेकर समय-समय पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं होती रही हैं। अब श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट और रथयात्रा मेले के प्रबंधन को लेकर उनके खिलाफ विरोध के स्वर और मुखर होते दिखाई दे रहे हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button