मई दिवस पर डी0डी0यू0 मंडल के 51 ग्रुप डी रेल कर्मचारियों का सम्मान
पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन ने आयोजित किया पुरस्कार वितरण समारोह, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट: गणपत राय
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की ओर से मई दिवस-2026 के उपलक्ष्य में बाकले अधिकारी क्लब में सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में संगठन की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह ने कहा कि मई दिवस श्रम, समर्पण और कर्मनिष्ठा को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की असली ताकत उसके कर्मचारी हैं, जो अपने अनुशासन, मेहनत और प्रतिबद्धता से रेल संचालन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखते हैं।
इस अवसर पर डी0डी0यू0 मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत कुल 51 ग्रुप डी रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और निरंतर बेहतर कार्य करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती आकांक्षा चौधरी, सचिव श्रीमती शालीनी भूषण, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रियांशु यादव, संयुक्त सचिव श्रीमती वैष्णवी सहित श्रीमती मीता नारी, श्रीमती दीपिका, श्रीमती सोमा चटर्जी और श्रीमती आरती समेत अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं।



