उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भव्य कार्यक्रम, रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा का हुआ उद्घाटन

CHC मैढ़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन, तम्बागढ़ अग्निकांड पीड़ितों को मिली राहत सामग्री; मानवता की सेवा का दिखा अनूठा उदाहरण

रिपोर्ट: गणपत राय

चन्दौली। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की चन्दौली जिला शाखा का भव्य एवं विधिवत उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मैढ़ी में किया गया। इस अवसर पर एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुलाब वर्मा ने फीता काटकर रेडक्रॉस शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी विश्व स्तर पर पीड़ित मानवता की सेवा का सबसे बड़ा प्रतीक है, और इसकी सक्रियता से आपदा के समय जरूरतमंदों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।

इसी अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा तम्बागढ़ क्षेत्र के अग्निकांड पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की गई। इसमें तिरपाल, बाल्टी, हाइजीन किट, कपड़े, बर्तन और स्टोव सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। राहत सामग्री पाकर पीड़ित परिवारों ने राहत की सांस ली और रेडक्रॉस के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी चन्दौली के सभापति अजय सिंह एवं उपसभापति महेंद्र कुमार सिंह ने किया। अतिथियों का स्वागत सचिव डॉ. एस. के. यादव और कोषाध्यक्ष डॉ. एस. के. शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश उपाध्याय, केंद्र प्रभारी डॉ. प्रदीप पाण्डेय, वरिष्ठ समाजसेवी सुधांशु जी, कवि सुरेश अकेला जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button