अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद मलबे से जाम हुई नालियां, सड़कों पर भरा गंदा पानी
मुगलसराय में जल निकासी ठप होने से लोगों को परेशानी, शिकायत पर नगर पालिका ने शुरू कराया सफाई अभियान

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के मुगलसराय में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद निकले मलबे ने नगर की व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सड़क किनारे और नालियों में जमा मलबे के कारण कई स्थानों पर जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे नालियां जाम हो गईं और गंदा पानी सड़कों पर फैलने लगा।
इस स्थिति के चलते इलाके में दुर्गंध फैल गई और राहगीरों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर लोगों को मजबूरन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई।
स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सैना ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल सफाई अभियान शुरू कराने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और सड़कों व नालियों में जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। ईओ ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी मात्रा में मलबा नालियों में गिर गया था, जिससे जल निकासी बाधित हुई और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई।
उन्होंने कहा कि स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तेजी से सफाई कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।



