उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में नाव पर फोटो खिंचवाने के दौरान गंगा में डूबा ग्रेटर नोएडा का युवक, एनडीआरएफ ने बरामद किया शव

मान मंदिर घाट पर देर रात हुआ हादसा, दोस्तों के साथ काशी घूमने आया था 27 वर्षीय हर्षवर्धन ठाकुर

वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ काशी घूमने आए ग्रेटर नोएडा के 27 वर्षीय युवक की नाव पर फोटो खिंचवाने के दौरान गंगा में डूबने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान हर्षवर्धन ठाकुर के रूप में हुई है, जो गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 में रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब एक बजे वह अपने दोस्तों के साथ मान मंदिर घाट पहुंचा था। इसी दौरान सभी नाव पर फोटो खिंचवा रहे थे, तभी अचानक हर्षवर्धन का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में गिर पड़ा।

साथियों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अंधेरे के कारण युवक का पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर तलाश अभियान चलाया गया।

गुरुवार सुबह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Related Articles

Back to top button