मुगलसराय में भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अतिक्रमण अभियान को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट से बिगड़ सकता था माहौल, पुलिस ने शुरू की जांच

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के मुगलसराय कस्बे में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फेसबुक यूजर आफताब आलम ने अतिक्रमण अभियान को लेकर एक विवादित पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में धार्मिक भेदभाव के आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गई और स्थानीय स्तर पर माहौल बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज विजय राज की तहरीर के आधार पर मुगलसराय कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को सोशल मीडिया पर की गई इस पोस्ट को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संज्ञान में लिया गया और जांच के बाद पोस्ट करने वाले युवक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
वहीं, पीडीडीयू क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर साइबर सेल की पैनी नजर बनी हुई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



