अलीनगर में दिनदहाड़े बाइक चोरी, गोदाम के बाहर से चोर ले उड़ा वाहन
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, तहरीर के बाद भी 3 दिन से जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक शातिर चोर ने गोदाम के बाहर खड़ी बाइक को पार कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लौंदा चौकी क्षेत्र के पचफेड़वा इलाके में रविवार दोपहर करीब 3 बजे यह घटना हुई। महेवा गांव निवासी नितेश कुमार गुप्ता अपनी दुकान चलाते हैं और रोज की तरह उन्होंने अपनी बाइक पास के एक गोदाम के बाहर खड़ी की थी।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक अज्ञात युवक कुछ देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा और मौका मिलते ही बाइक चोरी कर फरार हो गया।
जब पीड़ित नितेश कुमार गुप्ता दुकान से बाहर निकले तो बाइक गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अलीनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित का कहना है कि वह रोज थाने का चक्कर लगाने को मजबूर है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।



